माफी मांगें या मानहानि के लिए 100 करोड़ रुपये का हर्जाना दें: बिहार के मंत्री ने प्रशांत किशोर से कहा

माफी मांगें या मानहानि के लिए 100 करोड़ रुपये का हर्जाना दें: बिहार के मंत्री ने प्रशांत किशोर से कहा

माफी मांगें या मानहानि के लिए 100 करोड़ रुपये का हर्जाना दें: बिहार के मंत्री ने प्रशांत किशोर से कहा
Modified Date: September 23, 2025 / 06:39 pm IST
Published Date: September 23, 2025 6:39 pm IST

पटना, 23 सितंबर (भाषा) बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने मंगलवार को जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को कानूनी नोटिस भेजते हुए उनसे ‘‘बिना शर्त माफी’’ मांगने या फिर 100 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा झेलने के लिए तैयार रहने को कहा।

पिछले सप्ताह पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया था कि चौधरी करीब 200 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि की कथित रूप से अनियमित खरीद-फरोख्त में लिप्त हैं।

ग्रामीण कार्य विभाग का प्रभार संभाल रहे अशोक चौधरी ने अपने अधिवक्ता कुमार अंजनय शानू के माध्यम से भेजे गए नोटिस में किशोर से कहा है कि वह ‘‘या तो अपने आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सबूत प्रस्तुत करें, या फिर लिखित और एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर मौखिक रूप से सार्वजनिक तौर पर बिना शर्त माफी मांगें।’’

नोटिस में कहा गया है कि प्रशांत किशोर के बयान से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव अशोक चौधरी की साख को अपूरणीय क्षति पहुंची है और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई है।

नोटिस में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि नोटिस प्राप्त होने के एक सप्ताह के भीतर उपयुक्त उत्तर नहीं दिया गया, तो ‘‘100 करोड़ रुपये के हर्जाने के लिए दीवानी मुकदमा’’ दायर किया जाएगा।

भाषा कैलाश

खारी

खारी


लेखक के बारे में