बांकीपुर उपचुनाव : भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार और राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी ने दाखिल किया नामांकन

Ads

बांकीपुर उपचुनाव : भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार और राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी ने दाखिल किया नामांकन

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 05:20 PM IST

पटना, नौ जुलाई (भाषा) बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा और राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी ने बृहस्पतिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले सिन्हा ने कृष्णानगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर और सिद्धिदात्री ज्वाला मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और नामांकन केंद्र के लिए रवाना हुए।

सिन्हा के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी समेत राजग के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

भाजपा ने मंगलवार को अपने युवा मोर्चा के नेता अभिषेक कुमार सिन्हा को इस उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया था। यह सीट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है।

सिन्हा ने उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि इस चुनाव में ‘‘कोई मुकाबला नहीं’’ है, क्योंकि भाजपा कार्यकर्ता पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर काम करते हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम चुनाव जीतने जा रहे हैं। कोई मुकाबला नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता पूरे साल जनता के बीच रहकर काम करते हैं। जब नितिन नवीन यहां के विधायक थे, तब उन्होंने इस क्षेत्र में काफी काम किया। मैं भाजपा नेतृत्व का आभारी हूं कि उसने एक जमीनी कार्यकर्ता को इतना बड़ा अवसर दिया।’’

वहीं, वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से चुनाव लड़कर दूसरे स्थान पर रहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी ने भी अपनी जीत का भरोसा जताया।

रेखा कुमारी ने नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस बार बांकीपुर की जनता सरकार को आइना दिखाएगी। विधानसभा क्षेत्र में नया इतिहास लिखा जाएगा और सत्तारूढ़ दल चुनाव में साफ हो जाएगा।’’

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के उपचुनाव लड़ने के सवाल पर रेखा कुमारी ने कहा, ‘‘हर दल को चुनाव लड़ने की स्वतंत्रता है।’’

उन्होंने कहा कि राजद के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी पार्टी के पक्ष में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार करेंगे।

जन सुराज पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, प्रशांत किशोर 13 जुलाई को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

उल्लेखनीय है कि बांकीपुर सीट पर कई चुनावों से भाजपा का कब्जा रहा है। नितिन नवीन लगातार पांच बार इस सीट से निर्वाचित हुए थे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने यह सीट खाली कर दी। उनसे पहले इस सीट का प्रतिनिधित्व उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा करते थे।

भाजपा उम्मीदवार के नामांकन के बाद पार्टी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राजग पूरी तरह एकजुट है और उपचुनाव में निर्णायक जीत को लेकर आश्वस्त है।

प्रसाद ने कहा, ‘‘पूरा राजग एकजुट है। सहयोगी दलों में उत्साह है क्योंकि भाजपा ने राजग की ओर से ऐसे कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है, जिसकी राजनीतिक यात्रा बूथ स्तर से शुरू हुई थी।’’

भाषा कैलाश शफीक

शफीक