मुंगेर, 17 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शेखर यादव (32) के रूप में हुई है, जो बिहार के बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र का निवासी है।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने यहां संवाददाताओं को बताया, “मुंगेर के संग्रामपुर थाने को 15 अप्रैल को एक सूचना और एक ऑडियो क्लिप मिली थी, जिसमें दो व्यक्तियों की बातचीत के दौरान एक व्यक्ति मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देता सुनाई दे रहा था।”
उन्होंने बताया, “ऑडियो क्लिप की जांच के बाद एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई और उसे गुजरात भेजा गया। अहमदाबाद पुलिस के समन्वय से आरोपी को हिरासत में लिया गया।”
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 15 अप्रैल को संग्रामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उन्होंने बताया, “पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे एक नंबर से बार-बार फोन आ रहे थे, जिससे परेशान होकर उसने गुस्से में ऐसी बातें कही थीं।”
मसूद ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामले के पीछे कोई अन्य उद्देश्य था या नहीं।
उन्होंने बताया कि आरोपी के परिजनों ने पुलिस को सूचित किया है कि वह गुजरात में ट्रक चलाता है और पिछले 18 महीनों से घर नहीं लौटा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बेलहर थाना में आपसी विवाद से जुड़ा एक पुराना मामला भी दर्ज है।
उन्होंने बताया, “मामले की जांच जारी है।”
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र