बिहार: तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने पर ‘वक्फ बिल फाड़ने’ संबंधी राजद नेता के बयान पर छिड़ा विवाद

Ads

बिहार: तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने पर ‘वक्फ बिल फाड़ने’ संबंधी राजद नेता के बयान पर छिड़ा विवाद

  •  
  • Publish Date - October 25, 2025 / 10:10 PM IST,
    Updated On - October 25, 2025 / 10:10 PM IST

पटना, 25 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और विधान परिषद के सदस्य मोहम्मद कारी सोहैब द्वारा वक्फ बिल को लेकर दिए गए विवादित बयान पर शनिवार को राजनीतिक घमासान छिड़ गया।

सोहैब ने कहा था कि अगर तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं, तो ‘‘सभी बिल फाड़ दिए जाएंगे, जिसमें वक्फ बिल भी शामिल है’’।

सोहैब ने खगड़िया जिला के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी और मौजूदा विधायक संजीव कुमार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से ‘इंडिया’ गठबंधन को वोट देने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार का मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बनाना है। संसद में वक्फ बिल का समर्थन करने वालों को सबक सिखाया जाएगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी साझेदारों ने इस विधेयक का समर्थन किया था। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बने तो सभी बिल फाड़ दिए जाएंगे, वक्फ बिल भी।’’

सोहैब ने कहा, ‘‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार प्रेम, एकता और भाईचारे की वकालत करेगी। इसलिए गठबंधन को ही वोट दें।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी अमित मालवीय ने सोहैब के बयान को लेकर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राजद पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, ‘‘राजद के मंच से घोषणा अगर तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बने तो वक्फ कानून खत्म कर देंगे। कानून रहेगा पर जमीन लूटने की नीयत साफ है। यही है राजद का जंगलराज।’’

सोहैब की टिप्पणी पर राजद के किसी वरिष्ठ नेता की प्रतिक्रिया नहीं मिली है। भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र

शीर्ष 5 समाचार