पटना, नौ फरवरी (भाषा) पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमेरिका में भारत से आए प्रवासियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ रविवार को जुलूस निकाला।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता यहां आयकर गोलंबर पर एकत्रित हुए और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुतले फूंके। प्रदर्शनकारियों ने मोदी पर ‘‘अमेरिका के सामने झुकने’’ का आरोप लगाया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारतीय नागरिकों के अपमान पर चुप्पी साध रखी है जबकि सत्तारूढ़ भाजपा देश को ‘विश्व गुरु’ (वैश्विक नेता) बनाने का दावा करती है।’’
राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा, ‘‘जब भी मोदी अमेरिका जाते हैं, तो उनके प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। ‘हाउडी मोदी’ और ‘नमस्ते ट्रंप’ जैसे कार्यक्रमों के प्रायोजक उन 104 भारतीयों के लिए सम्मानजनक वापसी की व्यवस्था नहीं कर सके, जिन्हें अपराधियों की तरह हथकड़ी लगाकर सैन्य विमान में लाया गया।’
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘हाल के दिनों में भारत का पड़ोसी देशों के सौहार्दपूर्ण संबंध खराब हुआ है। अमेरिका की ओर से किये गये इस कठोर व्यवहार से स्पष्ट हो गया है कि मोदी सरकार कूटनीतिक मोर्चे पर बुरी तरह विफल रही है।’’
भाषा अनवर
राजकुमार
राजकुमार