बिहार: नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन के दौरान तेजप्रताप यादव गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज

बिहार: नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन के दौरान तेजप्रताप यादव गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज

बिहार: नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन के दौरान तेजप्रताप यादव गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: July 26, 2026 / 03:01 pm IST
Published Date: July 26, 2026 3:01 pm IST

पटना, 26 जुलाई (भाषा) बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव को राजधानी पटना में नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके वकील ने रविवार को यह दावा किया।

तेजप्रताप के वकील का आरोप है कि गिरफ्तारी पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज किए जाने से एक दिन पहले की गई।

तेजप्रताप के वकील जगन्नाथ सिंह के इस आरोप पर पुलिस की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

सिंह ने कहा, ‘‘तेजप्रताप यादव के खिलाफ प्राथमिकी 26 जुलाई को दर्ज की गई, जबकि उन्हें 25 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे पटना के एक मॉल से गिरफ्तार किया गया। रविवार तड़के करीब 12.15 बजे उन्हें न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मेरे मुवक्किल फिलहाल बेउर स्थित केंद्रीय कारागार में हैं।’’

उन्होंने कहा कि वह सोमवार को सक्षम अदालत में तेजप्रताप यादव की जमानत याचिका दायर करेंगे।

पुलिस का आरोप है कि तेजप्रताप की गतिविधियों के कारण शनिवार को पटना में नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर चल रहे प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

राम गुलाम चौक पर धरने में प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल होने के कुछ ही देर बाद पुलिस तेजप्रताप को हिरासत में लेकर अपने वाहन से वहां से ले गई।

तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ रहे जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दावा किया, ‘‘तेजप्रताप यादव ने मेरा समर्थन किया, इसलिए उन्हें जेल भेज दिया गया। भाजपा प्रशासन का दुरुपयोग कर जन सुराज पार्टी के नेताओं और हमारा समर्थन करने वालों को परेशान कर रही है।’’

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से निष्कासित किए जाने के बाद जनशक्ति जनता दल का गठन करने वाले तेजप्रताप यादव ने हाल ही में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर को समर्थन देने की घोषणा की थी।

उन्होंने यह घोषणा जेजेडी उम्मीदवार वीना मांडवी का नामांकन रिटर्निंग अधिकारी द्वारा खारिज किए जाने के बाद की थी।

तेजप्रताप ने कहा था कि बांकीपुर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन अब जनता का रुझान राजनीतिक बदलाव की ओर है।

भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष

संतोष


लेखक के बारे में