बिहार सरकार ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा के लिए समिति का गठन किया
बिहार सरकार ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा के लिए समिति का गठन किया
पटना, 12 सितंबर (भाषा) बिहार के राज्य विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करने और ‘व्यापक सुधार’ का सुझाव देने के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह के अनुसार, राज्यपाल सचिवालय में अतिरिक्त सचिव (विश्वविद्यालय) संजय कुमार, समिति के सदस्य सचिव के रूप में काम करेंगे।
इस समिति में भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अमरजीत सिन्हा और संजय कुमार के अलावा दो अन्य सदस्य भी शामिल होंगे, जिनमें जाने-माने भौतिक विज्ञानी और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर एच.सी. वर्मा शामिल हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘समिति असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विचार करेगी, जिसमें आयु, पात्रता मानदंड, परीक्षा और साक्षात्कार का स्वरूप, विभिन्न पैमानों का सापेक्ष महत्व, अतिथि शिक्षक के व्याख्यान से जुड़े मुद्दे और अन्य संबंधित पहलू शामिल हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘समिति 90 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसमें उसके निष्कर्ष और अमल में लाने योग्य विशिष्ट सिफारिशें शामिल होंगी।’’
सिंह ने बताया कि ऐसी समिति के गठन की अधिसूचना राज्यपाल और ‘ऑल पीएचडी होल्डर्स एंड रिसर्चर्स एसोसिएशन’ के प्रतिनिधिमंडल के बीच पिछले 24 अगस्त को हुए समझौते के तहत जारी की गई है।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्ति) अता हसनैन के साथ प्रतिनिधिमंडल की ‘दो घंटे लंबी’ बातचीत के बाद विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया गया था।
भाषा संतोष रंजन
रंजन

Facebook


