पटना, 28 जुलाई (भाषा) बिहार की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने राज्य के 11 धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहर स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) को सौंपने का फैसला किया।
राज्य के गृह विभाग की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, बीएसएपी को जिन स्थलों की सुरक्षा का दायित्व सौंपा जाना है, उनमें सीतामढ़ी का पुनौरा धाम व बड़ही धाम मंदिर, वैशाली का बुद्ध अवशेष स्तूप, सारण के सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर, गया का विष्णुपद मंदिर, पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना का महावीर मंदिर, राजगीर का विश्व शांति स्तूप, नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर, भागलपुर स्थित विक्रमशिला विश्वविद्यालय के खंडहर और सासाराम स्थित शेरशाह का मकबरा शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इन सभी स्थलों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
अधिसूचना के मुताबिक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम की धारा 2(11) और धारा 3(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्यपाल ने इन 11 धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर स्थलों की सुरक्षा एवं संरक्षण की जिम्मेदारी बीएसएपी को सौंपने का फैसला किया है।
अधिसूचना में बताया गया कि इसके साथ ही इन्हें तत्काल प्रभाव से अधिसूचित संस्थान घोषित किया गया है।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र