बिहार विधान परिषद चुनाव: भाजपा ने चार सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए

Ads

बिहार विधान परिषद चुनाव: भाजपा ने चार सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किए

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 02:56 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 02:56 PM IST

पटना, 29 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अगले महीने होने वाले बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए चार सीट पर अपने उम्मीदवारों की मंगलवार को घोषणा की।

राज्य की जिन आठ विधान परिषद सीट पर चुनाव होना है, उनमें से तीन पर भाजपा ने मौजूदा विधान परिषद सदस्यों को ही फिर से मैदान में उतारा है।

इससे पहले, बिहार में पांच दलों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दूसरे सबसे बड़े घटक जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) ने चार अन्य निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी।

भाजपा ने पटना शिक्षक, कोसी स्नातक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से मौजूदा विधान परिषद सदस्यों-क्रमशः नवल किशोर यादव, डॉ. एनके यादव और सर्वेश कुमार को फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र कुमार सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यह सीट वर्तमान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के संजय कुमार सिंह के पास है।

बिहार में विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आठ सीट में से छह के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने कहा है कि तिरहुत शिक्षक सीट के लिए अभी बातचीत जारी है। दरभंगा शिक्षक सीट वर्तमान में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा के पास है।

इस बीच, पूर्व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी विधान परिषद चुनाव के लिए सभी आठ सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

इन आठ सीट पर चुनाव के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा।

भाषा

कैलाश

मनीषा पारुल

पारुल