पटना, 23 फरवरी (भाषा) बिहार विधानसभा में सोमवार को विभिन्न दलों के विधायकों ने एक स्वर में स्थानीय क्षेत्र विकास (एलएडी) निधि को मौजूदा चार करोड़ रुपये से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने की मांग की।
यह मुद्दा भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रमोद कुमार ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान उठाया। पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक नीरज सिंह ‘बबलू’ ने भी उनका समर्थन किया।
प्रमोद कुमार ने कहा, ‘‘चार करोड़ रुपये की वार्षिक सीमा के साथ मतदाताओं की अपेक्षाओं को पूरा करना कठिन होता जा रहा है। एलएडी निधि से एक बड़ी राशि कर के रूप में कट जाती है। इसका अंतिम संशोधन वर्ष 2023 में हुआ था। अन्य राज्यों में विधायकों को अधिक राशि मिलती है, इसलिए इसे बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये किया जाना चाहिए।’’
इसी तरह का मत व्यक्त करते हुए नीरज सिंह ‘बबलू’ ने कहा, ‘‘एलएडी निधि, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के बराबर होनी चाहिए। यदि इसे पांच करोड़ रुपये किया जाता है तो विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में अधिक विकास कार्य कर सकेंगे।’’
उनकी इस मांग का समर्थन सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के सदस्यों ने किया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, ‘‘सदन की भावना से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अवगत कराया जाएगा और उसके बाद ही इस विषय पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।’’
हालांकि, विधायक सदन में ही सरकार से आश्वासन की मांग करते रहे। आखिर में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री पहले ही आश्वासन दे चुके हैं कि इस मुद्दे पर उचित मंच पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके बाद विधायक, अध्यक्ष के आश्वासन से सहमत हो गए।
भाषा कैलाश
खारी
खारी