पटना: Bihar News बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका लगा है क्योंकि उसके वरिष्ठ नेता अशोक राम रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी जद (यू) में शामिल हो गए। अशोक राम ने आरोप लगाया कि पार्टी में ‘‘दलितों की अनदेखी’’ की जा रही है, जिसके साथ उनका करीब चार दशक का जुड़ाव रहा है।
Bihar News जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने राम का पार्टी में स्वागत किया और दावा किया कि ‘कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है। इसके कई नेता अभी भी हमारे संपर्क में हैं।’’ कई बार विधायक रह चुके राम बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं। झा ने कहा, ‘‘अशोक राम का समाज के सभी वर्गों पर गहरा प्रभाव है। उनका जमीनी स्तर से जुड़ाव निश्चित रूप से जदयू के लिए फायदेमंद साबित होगा। दलितों के प्रति कांग्रेस पार्टी का व्यवहार और उनकी स्वीकार्यता जगजाहिर है।’
जदयू में शामिल होने के बाद, राम ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार एक दूरदर्शी नेता हैं और वह जन कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ कांग्रेस ने राम के जदयू में शामिल होने की आलोचना करते हुए दावा किया कि वह ‘घोर अवसरवादी’ हैं।