बिहार: पुलिस ने 10 महीनों में 300 करोड़ रुपये के चालान जारी किये

बिहार: पुलिस ने 10 महीनों में 300 करोड़ रुपये के चालान जारी किये

बिहार: पुलिस ने 10 महीनों में 300 करोड़ रुपये के चालान जारी किये
Modified Date: February 13, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: February 13, 2026 10:31 pm IST

पटना, 13 फरवरी (भाषा) बिहार में पिछले 10 महीनों में मोटर वाहन अधिनियम और यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर 4.97 लाख चालान जारी किए, जिनकी कुल राशि 301.28 करोड़ रुपये है। परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कुल चालान में से पिछले दो महीनों दिसंबर से फरवरी के बीच ही 1.48 लाख चालान जारी किए गए, जिनकी राशि 90.97 करोड़ रुपये है।

कुमार ने राज्य विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा कि विभाग ने अब तक कुल 301.28 करोड़ रुपये में से 115.23 करोड़ रुपये की वसूली कर ली है।

उन्होंने कहा, “ये चालान एक अप्रैल 2025 से 11 फरवरी 2026 तक जारी किए गए हैं। शेष राशि की वसूली की प्रक्रिया जारी है।”

उन्होंने बताया कि राज्यभर में राजमार्गों पर यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विभाग ने अभियान तेज किया है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना है।

मंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए हाई-टेक वाहनों के बेड़े को रवाना कर ‘राष्ट्रीय राजमार्ग पेट्रोलिंग प्रणाली’ की शुरुआत की है।

मंत्री के अनुसार, हर 50 किलोमीटर पर महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात ये वाहन दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। परिवहन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो महीनों में कैमूर जिले के भभुआ में सबसे अधिक 30,833 चालान जारी किए गए।

आंकड़ों में बताया गया कि इसके बाद गोपालगंज में 23,308 चालान (8.34 करोड़ रुपये), गया में 16,038 चालान (7.88 करोड़ रुपये) और पूर्णिया में 8,927 चालान (5.54 करोड़ रुपये) जारी किए गए।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में