बिहार : नवादा में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारी घायल
बिहार : नवादा में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस अधिकारी घायल
नवादा, 14 मई (भाषा) बिहार के नवादा जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी के दौरान एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
घायल सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) की पहचान नागेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अवैध बालू खनन से जुड़े छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह घटना बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात नरदीगंज थाना क्षेत्र के केसरिया गांव में हुई।
नरदीगंज थाने के प्रभारी आदित्य कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि अवैध बालू खनन की सूचना मिलने पर पुलिस दल ने केसरिया गांव में छापेमारी की।
उन्होंने कहा, “पुलिस को देखकर ट्रैक्टर पर अवैध रूप से बालू ले जा रहा एक व्यक्ति वाहन लेकर भागने लगा। एएसआई ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका और पुलिस अधिकारी को टक्कर मार दी। इसके बाद वह ट्रैक्टर को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।”
घायल एएसआई को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। घटना के संबंध में अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
भाषा
कैलाश रवि कांत

Facebook


