बिहार को मिला सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय सम्मान
बिहार को मिला सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय सम्मान
पटना, चार जून (भाषा) प्रधानमंत्री (पीएम) सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सरकारी भवनों खासकर जिला पदाधिकारियों के कार्यालयों एवं आवासों की छतों पर सौर ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है।
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि नयी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘‘पीएम सूर्य घर के दो वर्ष : एक करोड़ छतों तक सौर ऊर्जा का विस्तार’’ के दौरान बिहार को ‘सूर्य संकल्प’ पहल के अंतर्गत जिला पदाधिकारियों के कार्यालयों एवं आवासों पर सौर ऊर्जा प्रणालियां स्थापित करने के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि बिहार की ओर से नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) के प्रबंध निदेशक तथा बिहार अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (ब्रेडा) के निदेशक राहुल कुमार ने यह सम्मान प्राप्त किया।
विभाग द्वारा जारी बयान के मुताबिक राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘जल-जीवन-हरियाली’ अभियान के तहत सभी सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा प्रणालियां स्थापित करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में राज्य के लगभग 12,000 सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा प्रणालियां स्थापित की जा चुकी हैं। इससे सरकारी संस्थानों में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिला है।
ऊर्जा विभाग के सचिव तथा बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (बीएसपीएचसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने कहा, ‘‘पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत बिहार को प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री के नेतृत्व, ऊर्जा विभाग की प्रतिबद्धता तथा विभिन्न विभागों एवं जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। सरकारी पदाधिकारियों के आवासों एवं कार्यालयों की छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित कर सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आने वाले समय में राज्य स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नयी ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।’’
एनबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक एवं ब्रेडा के निदेशक राहुल कुमार ने कहा, ‘‘ यह सम्मान राज्य के सभी अधिकारियों, अभियंताओं एवं कर्मियों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है। पीएम सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण में बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने और हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
भाषा कैलाश
धीरज
धीरज

Facebook


