मुजफ्फरपुर, छह जून (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले स्थित एक निजी अस्पताल में लगी आग की घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में छह मरीजों की मौत हो गई थी।
मुजफ्फरपुर (नगर) के पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग ब्रह्मपुरा इलाके स्थित प्रसाद अस्पताल के कर्मचारी हैं।
अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में बृहस्पतिवार को धुआं भर जाने के कारण मरीजों का दम घुट गया था।
अंसारी ने बताया, ‘‘मुजफ्फरपुर के अग्निशमन अधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने आईसीयू प्रभारी चिकित्सक पंकज, प्रशासनिक प्रबंधक राम कुमार और अनुरक्षण (रखरखाव) प्रबंधक अजीत कुमार को गिरफ्तार किया है।’’ उन्होंने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया ये लोग इस घटना के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार पाए गए हैं। हालांकि जांच के दौरान और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। यह भी जांच की जा रही है कि अस्पताल भवन का निर्माण निर्धारित नियमों के अनुरूप हुआ था या नहीं और वहां अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘अगर अस्पताल इन मामलों में दोषी पाया जाता है तो उसके मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।’’
हादसे में जान गंवाने वाले चार लोग मुजफ्फरपुर जिले के निवासी थे जबकि दो अन्य सीतामढ़ी और शिवहर जिलों के रहने वाले थे।
अधिकारियों ने इन मौतों के लिए ड्यूटी पर तैनात अस्पताल कर्मियों को जिम्मेदार ठहराया है।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी मरीज की मौत झुलसने से नहीं बल्कि दम घुटने के कारण हुई थी।
अस्पताल प्रबंधन ने अब तक इस घटना पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कई परिजनों ने आरोप लगाया कि आईसीयू में धुआं भरने के बाद ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी वहां से भाग गए थे।
भाषा सं कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र