बिहार में बाढ़ के बीच पीएम के जन्मदिन पर जश्न मनाना असंवेदनशीलता: भाकपा(माले)

Ads

बिहार में बाढ़ के बीच पीएम के जन्मदिन पर जश्न मनाना असंवेदनशीलता: भाकपा(माले)

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 07:04 PM IST

पटना, 17 सितंबर (भाषा) बिहार में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर राज्यव्यापी समारोह आयोजित किए जाने की भाकपा (माले) लिबरेशन ने बृहस्पतिवार को आलोचना करते हुए इसे बाढ़ प्रभावित राज्य के प्रति “असंवेदनशीलता” करार दिया।

पार्टी के राज्य सचिव कुणाल ने आरोप लगाया कि “आशीर्वाद का दीया” और “सेवा संकल्प अभियान” जैसे कार्यक्रम ऐसे समय आयोजित किए जा रहे हैं, जब बिहार बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा, “लगभग 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कई लोगों की जान जा चुकी है और हजारों परिवार बेघर हो गए हैं। जब बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में चूल्हा तक नहीं जला पा रहे हैं, तब इतने बड़े पैमाने पर मिट्टी के दीये जलाना निंदनीय है।”

कुणाल ने आरोप लगाया कि एक ओर राज्य सरकार खुद को बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त सहायता देने में असमर्थ बता रही है, वहीं दूसरी ओर पूरे प्रशासनिक तंत्र को मिट्टी के दीये जलाने के अभियान में लगा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि शोक की इस घड़ी में इस तरह के आयोजन सरकार और भाजपा की असंवेदनशीलता को दर्शाते हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार अपने संसाधन बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास तथा उन्हें दवाइयां और भोजन उपलब्ध कराने पर खर्च करे।

भाषा कैलाश संतोष

संतोष