नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने के केंद्र के फैसले को पूरे बिहार का समर्थन : सम्राट चौधरी
नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने के केंद्र के फैसले को पूरे बिहार का समर्थन : सम्राट चौधरी
पटना, 16 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 को लागू करने के केंद्र सरकार के फैसले को पूरे राज्य का समर्थन हासिल है।
केंद्र सरकार ने इस अधिनियम को लागू करने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को लोकसभा में ‘संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘केंद्र-शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026’ पेश किए।
चौधरी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने जा रही है। इस निर्णय के समर्थन में पूरा राज्य है।”
मुख्यमंत्री पटना के कदमकुआं स्थित महिला चरखा समिति परिसर में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आवास के बाहर संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
उन्होंने जयप्रकाश नारायण और उनकी पत्नी स्वर्गीय प्रभावती देवी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने जयप्रकाश अध्ययन एवं शोध केंद्र, प्रभावती स्मृति कक्ष, शयनकक्ष तथा ‘संपूर्ण क्रांति’ सभागार सहित परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया।
उन्होंने फोटो गैलरी का भी अवलोकन किया, जहां जयप्रकाश नारायण के प्रारंभिक जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा 1974 के जेपी आंदोलन से संबंधित तस्वीरें प्रदर्शित हैं।
चौधरी ने जयप्रकाश नारायण की पत्नी के जीवन पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी देखी, जिन्होंने महिला चरखा समिति की स्थापना की थी। उन्होंने महिला चरखा समिति से जुड़ी महिलाओं से बातचीत की और आगंतुक पुस्तिका में हस्ताक्षर कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस मौके पर भाजपा विधायक दिलीप जायसवाल, पटना के जिलाधिकारी थियागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
भाषा
कैलाश पारुल
पारुल

Facebook


