खरगे पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस का हमला, कहा-‘यह पूरे दलित समाज का अपमान’

खरगे पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस का हमला, कहा-‘यह पूरे दलित समाज का अपमान’

खरगे पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस का हमला, कहा-‘यह पूरे दलित समाज का अपमान’
Modified Date: April 9, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: April 9, 2026 7:49 pm IST

पटना, नौ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की कथित टिप्पणी को लेकर पार्टी की बिहार इकाई के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि उनका (पार्टी अध्यक्ष का) अपमान पूरे देश के दलित समाज का अपमान है।

राम ने यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा और संघ परिवार की दलित विरोधी मानसिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस समाज को सदियों तक हाशिये पर रखा गया, वही समाज अब पूरी ताकत के साथ मुख्यधारा में अपनी जगह बना रहा है और यही बात भाजपा एवं संघ परिवार को असहज कर रही है।

उन्होंने कहा कि सम्मान की लड़ाई भूख की लड़ाई से भी बड़ी होती है और देश का दलित समाज अपने अपमान का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एक दलित नेता का राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ता कद बर्दाश्त नहीं कर पा रही है और यही कारण है कि उसके नेताओं में तिलमिलाहट दिखाई दे रही है।

इस मौके पर कांग्रेस अभय दुबे ने कहा कि खरगे और राहुल गांधी की सोच देश में सभी वर्गों को समान सम्मान और समान अवसर देने की है। उन्होंने बताया कि समाज के हर वर्ग की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने ‘नेशनल टैलेंट हंट’ कार्यक्रम की शुरुआत की है।

दुबे ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाशाली, ऊर्जावान और समाज के प्रति समर्पित युवाओं की पहचान कर उन्हें राजनीति एवं जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, समान अवसर और लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है तथा यह कार्यक्रम उसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

पूर्व विधायक शकील अहमद खान ने आरोप लगाया कि दलित और अल्पसंख्यक समाज हमेशा से भाजपा और संघ परिवार के निशाने पर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस सामाजिक न्याय और बराबरी की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में