पटना में थाना परिसर में कांस्टेबल की पत्नी मृत मिली

Ads

पटना में थाना परिसर में कांस्टेबल की पत्नी मृत मिली

  •  
  • Publish Date - February 22, 2025 / 05:17 PM IST,
    Updated On - February 22, 2025 / 05:17 PM IST

पटना, 22 फरवरी (भाषा) शहर के पीरबहोर थाने के स्टाफ क्वार्टर में शनिवार तड़के एक पुलिस कांस्टेबल की पत्नी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत मिली।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृत महिला की पहचान पीरबहोर थाने में तैनात कांस्टेबल धनंजय कुमार की पत्नी दीपिका (30) के रूप में हुई है।

मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने फरार धनंजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

टाउन-1 (पटना) की उप-संभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) दीक्षा ने कहा, ‘‘शनिवार की सुबह पीरबहोर थाने के स्टाफ क्वार्टर में कांस्टेबल धनंजय कुमार की पत्नी का शव मिला। जब पुलिस वहां पहुंची, तो उसका शव जमीन पर पड़ा था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना का सही कारण पता नहीं चल पाया है।’’

एसडीपीओ ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है…शरीर पर बाहरी चोट के निशान मिले। हालांकि, घटना का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग पाएगा।’’

उन्होंने बताया कि मृतका के परिवार के बयान के आधार पर कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

एसडीपीओ ने कहा, ‘‘फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांच जारी है।’’

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप