पटना, तीन फरवरी (भाषा) बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मंगलवार को राज्य के विकास मॉडल, महिला सशक्तीकरण की पहल और औद्योगिक निवेश आकर्षित करने की योजनाओं की सराहना की।
उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के 66वें पाठ्यक्रम के 16 सदस्यीय अध्ययन दल के साथ आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही।
मेजर जनरल पवनपाल सिंह के नेतृत्व में आए इस प्रतिनिधिमंडल में भारतीय सेना और भारतीय वायुसेना के अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा ओमान, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधि भी इस दल का हिस्सा थे।
बिहार की सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद पिछले 15–20 वर्षों में राज्य ने विभिन्न क्षेत्रों में “महत्वपूर्ण प्रगति” की है।
उन्होंने कहा, “बिहार मुख्य रूप से कृषि प्रधान राज्य है और इस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार पहल की जा रही है। सरकार ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी अनुकरणीय कदम उठाए हैं। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रमाण राज्य में गठित महिला पुलिस बटालियन है।”
मुख्य सचिव ने दावा किया कि पिछले एक दशक में राज्य के सभी घरों को बिजली से जोड़ा गया है और गरीबों को रियायती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार तथा औद्योगिक प्रोत्साहन को भी विकास के प्रमुख संकेतक के रूप में गिनाया।
इस अवसर पर जीविका, ऊर्जा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न चल रही योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
भाषा
कैलाश
रवि कांत