हुडको से एक लाख करोड़ रुपये के वित्तपोषण का समझौता, टाउनशिप के विकास को मिलेगी गति: मुख्यमंत्री

हुडको से एक लाख करोड़ रुपये के वित्तपोषण का समझौता, टाउनशिप के विकास को मिलेगी गति: मुख्यमंत्री

हुडको से एक लाख करोड़ रुपये के वित्तपोषण का समझौता, टाउनशिप के विकास को मिलेगी गति: मुख्यमंत्री
Modified Date: July 3, 2026 / 03:08 pm IST
Published Date: July 3, 2026 3:08 pm IST

पटना, तीन जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में 12 ‘ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ विकसित करने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग तथा ‘हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ (हुडको) के बीच एक लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर राज्य के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जिससे लोगों को बेहतर आवास, उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध होगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग और हुडको के बीच हुए समझौते को ऐतिहासिक करार दिया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए।

सम्राट चौधरी ने कहा कि लगभग तीन लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में टाउनशिप विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को लैंड पूलिंग के माध्यम से इस परियोजना का भागीदार बनाया जाएगा। मुआवजे के लिए आवेदन करने वाले किसानों को 30 दिनों के भीतर भुगतान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार 12 नई टाउनशिप के विकास के लिए हुडको के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि लगभग छह लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश अन्य स्रोतों से आकर्षित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी पहल से राज्य के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। बड़े पैमाने पर निजी और संस्थागत निवेश आकर्षित होगा, निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन ‘ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल, सीवरेज, विद्युत, हरितक्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक तथा सामाजिक अधोसंरचना जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि लोगों को विश्वस्तरीय शहरी जीवन उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से बिहारवासियों का आधुनिक शहरी विकास का सपना साकार होगा और राज्य 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

उन्होंने इस समझौते के लिए हुडको तथा नगर विकास एवं आवास विभाग को बधाई दी।

भाषा कैलाश वैभव संतोष

संतोष


लेखक के बारे में