बिहार में विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण के बाद भी पांच लाख ‘डुप्लीकेट वोटर’ मौजूद: संजय सिंह

Ads

बिहार में विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण के बाद भी पांच लाख 'डुप्लीकेट वोटर' मौजूद: संजय सिंह

  •  
  • Publish Date - October 31, 2025 / 10:30 PM IST,
    Updated On - October 31, 2025 / 10:30 PM IST

पटना, 31 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी बिहार की मतदाता सूची में पांच लाख “डुप्लीकेट वोटर” मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ बिहार विधानसभा चुनाव में 83 सीट पर उम्मीदवार उतार रही है।

राज्य में दो चरणों में छह और 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया, “एसआईआर के जरिए बिहार में एक बड़ी चुनावी धोखाधड़ी की गई है। मतदाता सूची में अब भी पांच लाख डुप्लीकेट वोटर हैं। इसके अलावा करीब एक लाख ऐसे मतदाता हैं जिनके नाम तक ज्ञात नहीं हैं।”

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं।”

सिंह ने कहा, “एसआईआर का उद्देश्य क्या था? बिहार में यह प्रक्रिया शुरू करने से पहले निर्वाचन आयोग ने क्या कहा था? विदेशी नागरिकों, घुसपैठियों, बांग्लादेशियों और रोहिंग्या मतदाताओं के नाम हटाने की बात कही गई थी, लेकिन अब आयोग इन मुद्दों पर कुछ नहीं बोल रहा।”

उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 80 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।

सिंह के दावों एवं आरोपों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अधिकारियों से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार