बिहार के मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद पांच छात्राएं बेहोश

Ads

बिहार के मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद पांच छात्राएं बेहोश

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 08:52 PM IST

पटना, 17 जुलाई (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में नाले की खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की पाइपलाइन से शुक्रवार को गैस रिसाव होने के बाद एक स्कूल की पांच छात्राएं बेहोश हो गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह घटना जिले के मुसहरी प्रखंड स्थित रोहुआ गांव में हुई।

मुजफ्फरपुर पूर्वी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) आनंद उत्सव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘नाले की खुदाई के दौरान पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। रिसी हुई गैस का एक हिस्सा पास के मध्य विद्यालय तक पहुंच गया, जहां गैस के संपर्क में आने से पांच छात्राएं बेहोश हो गईं।’’

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और संबंधित थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे।

एसडीएम ने कहा, ‘‘पांचों छात्राओं को पहले नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया। इनमें से चार छात्राओं को होश आ गया, जबकि पांचवीं छात्रा को थोड़ी अधिक परेशानी होने के कारण एहतियात के तौर पर बेहतर इलाज के लिए सभी को श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया।’’

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सोमेश्वर प्रसाद ने संवाददाताओं को बताया कि प्रभावित छात्राओं में तीन कक्षा नौ की, एक कक्षा 10 की और एक कक्षा 11 की छात्रा है।

एसडीएम ने बताया कि नाले के निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन किस प्रकार क्षतिग्रस्त हुई, इसकी जांच की जा रही है।

भाषा

कैलाश रवि कांत