एंडी बर्नहैम लेबर पार्टी के नए नेता बने, बनेंगे ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री

Ads

एंडी बर्नहैम लेबर पार्टी के नए नेता बने, बनेंगे ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 08:54 PM IST

लंदन, 17 जुलाई (भाषा) एंडी बर्नहैम के शुक्रवार को ब्रिटेन की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नवनिर्वाचित नेता बनने की पुष्टि हो गई, जिससे वह अगले सप्ताह 10 डाउनिंग स्ट्रीट का कार्यभार संभालने के लिए मनोनीत प्रधानमंत्री बन गए हैं।

उत्तरी इंग्लैंड के मेकरफील्ड से सांसद बर्नहैम एक दशक में ब्रिटेन के सातवें प्रधानमंत्री बनने की राह पर हैं। उन्होंने माना कि जुलाई 2024 के पिछले आम चुनाव में किए गए बदलाव के वादे को पूरा करने का लेबर पार्टी के लिए यह ‘‘आखिरी मौका’’ है।

पार्टी नेता के तौर पर अपने पहले भाषण में बर्नहैम ने कहा, ‘‘लोगों को हम फिर से उम्मीद देंगे।’’

बर्नहैम ने कहा, ‘‘मैं केअर स्टार्मर द्वारा रखी गई नींव को आगे बढ़ाते हुए नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं।’’ उन्होंने निवर्तमान नेता को ‘‘देश की सेवा’’ के लिए धन्यवाद भी दिया।

पिछले महीने स्टार्मर के इस्तीफे की घोषणा के बाद से नेतृत्व की दौड़ में अकेले उम्मीदवार बर्नहैम ने वादा किया कि वह ब्रिटेन को ‘‘एक नयी राह पर ले जाएंगे’’, जिसमें राजनीतिक माहौल कम जहरीला होगा और लंदन के वेस्टमिंस्टर में केंद्रित सत्ता से अधिक दूर हटकर काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस महान देश के हर क्षेत्र और राष्ट्र के लिए एक नेता बनूंगा, तथा यह पार्टी अपनी प्राथमिकताओं एवं लिए जाने वाले फैसलों में बिना किसी झिझक के ‘लेबर’की तरह काम करेगी।’

सोमवार को, निवर्तमान प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर द्वारा आधिकारिक तौर पर सम्राट को अपना इस्तीफा सौंपे जाने के बाद, महाराजा चार्ल्स तृतीय द्वारा बर्नहैम को नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

भाषा

नेत्रपाल माधव

माधव