पटना, 17 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में अखिल भारतीय स्तर पर चौथी रैंक हासिल करने वाले नवादा के छात्र आयुष भालोटिया को शुक्रवार को बधाई दी और उनके उज्ज्वल, सफल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
नवादा जिले के निवासी आयुष भालोटिया ने नीट-यूजी परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर चौथी रैंक हासिल की है। यह बिहार के किसी अभ्यर्थी का इस परीक्षा में सर्वोच्च स्थान है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने बृहस्पतिवार को परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए बताया कि इस वर्ष पुनर्परीक्षा में कुल 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल हुए।
पंजाब और हरियाणा के संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने 720 में से 715 अंक हासिल किए, जबकि भालोटिया को 710 अंक मिले।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नीट-यूजी परीक्षा में बिहार में सर्वोच्च स्थान तथा अखिल भारतीय स्तर पर चौथी रैंक प्राप्त करने वाले बिहार के प्रतिभाशाली छात्र आयुष भालोटिया को हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि आपकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।’’
उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष की प्रतिभा और सेवा भावना चिकित्सा के क्षेत्र में देश और समाज का गौरव बढ़ाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आपके उज्ज्वल, सफल एवं मंगलमय भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।’’
भाषा कैलाश
वैभव
वैभव