बिहार में अगर राजद सत्ता में आया तो आरक्षण का लाभ मुसलमानों को दे देगा- तावड़े

Ads

बिहार में अगर राजद सत्ता में आया तो आरक्षण का लाभ मुसलमानों को दे देगा- तावड़े

  •  
  • Publish Date - July 18, 2024 / 09:19 PM IST,
    Updated On - July 18, 2024 / 09:19 PM IST

पटना, 18 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि अगर बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सत्ता में आया तो पिछड़े वर्गों को आरक्षण के लाभ से वंचित कर देगा और इसका लाभ मुसलमानों को दे देगा।

भाजपा के बिहार मामलों के प्रभारी तावड़े ने राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, “कांग्रेस ने कर्नाटक में ओबीसी से आरक्षण का लाभ छीनकर मुसलमानों को दे दिया है। अगर तेजस्वी यादव अगला विधानसभा चुनाव जीत जाते हैं, तो बिहार में भी यही होगा। हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लोगों को यह समझाना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि लोगों को यह भी बताया जाना चाहिए कि लोकसभा चुनाव के दौरान यह झूठा प्रचार किया गया था कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है और दावा किया कि यह “नरेन्द्र मोदी को सत्ता में वापस आने से रोकने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा था। अरबपति जॉर्ज सोरोस ने इस उद्देश्य के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये खर्च किए थे।”

तावड़े ने कहा, “इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव के दौरान की गई छापेमारी में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी बरामद की गई। इन सबके बावजूद भाजपा ने जितनी सीट जीती हैं, उनकी संख्या पूरे “इंडिया” गठबंधन की संयुक्त संख्या से अधिक है।”

भाजपा नेता ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में “आदिवासी महिला” द्रौपदी मुर्मू का विरोध करने के लिए कांग्रेस और राजद की भी आलोचना की।

तावड़े ने यह भी विश्वास जताया कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल करेगा और 243 सदस्यीय सदन में “200 से अधिक सीट” जीतेगा।

भाजपा राज्य कार्यकारिणी की बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत अन्य शामिल हुए।

बैठक को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रमुख नित्यानंद राय और लोकसभा सदस्य संजय जायसवाल के साथ-साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी संबोधित किया।

भाषा अनवर संतोष नोमान

नोमान