Jamui Viral Video News: जमुई में खुलेआम नाबालिग छात्रा से बदसलूकी, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप, वीडियो देखकर हो जाएंगे शर्मिंदा / Image: Viral Video
जमुई: Jamui Viral Video News सोशल मीडिया पर बिहार के जमुई से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर ही नहीं बल्कि प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। सामने आए वीडियो में आप देख सकते हैं कि स्कूटी से जा रहे छात्र-छात्रा के साथ लोग बदसलूकी करते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने दोनों के साथ गाली-गलौज भी की है। फिलहाल वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
Jamui Viral Video News मिली जानकारी के अनुसार मामला 19 सितंबर का है, जब नाबालिग छात्र और छात्रा अपनी स्कूटी से घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 6-7 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और बदसलूकी करने लगे। इसके बाद खाकी और कानून को ठेंगा दिखाते हुए उन मासूमों के साथ जो सुलूक किया गया, उसकी दास्तान रूह कंपा देने वाली है। आरोपियों ने न केवल दोनों बच्चों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की, बल्कि नाबालिग छात्रा के साथ ‘बैड टच’ कर उसकी अस्मत और गरिमा को सरेराह तार-तार करने का शर्मनाक प्रयास किया। जबकि छात्रा हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही, मासूम रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन मनचलों की दरिंदगी नहीं थमी। वे बेशर्मी से इस पूरी घिनौनी हरकत का मोबाइल से वीडियो बनाते रहे और बाद में उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर अपनी हनक दिखाने की कोशिश की।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई प्रशासन ने जिला कलेक्टर के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल और गुप्तचरों की मदद से पुलिस ने पीड़ित छात्र-छात्रा का पता लगाया और उनके घर जाकर अत्यंत गोपनीय व संवेदनशील माहौल में उनका बयान दर्ज किया। इसके बाद सदर थाने में पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और बीएनएस की सुसंगत गैर-जमानती धाराओं के तहत विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने घटना की तीखी भर्त्सना करते हुए कहा कि बेटियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस ऐसी नजीर पेश करेगी जिससे दोबारा कोई ऐसी हिमाकत न कर सके। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने इस घटना की काफी निंंदा की। कहा कि- शर्मनाक है यह। पुलिस जांच कर इस पर सख्ती से कार्रवाई करे।
जमुई जिलाधिकारी नवीन ने मामले को लेकर कहा कि “यह घटना 19 सितंबर की शाम जमुई सदर थाना क्षेत्र की है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया। दोनों नाबालिगों की पहचान कर उनका पक्ष जाना गया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। नाबालिगों की निजता का पूरा ध्यान रखते हुए सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।”