जन सुराज पार्टी ने उपमुख्यमंत्री चौधरी को हटाने के लिए बिहार के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा

Ads

जन सुराज पार्टी ने उपमुख्यमंत्री चौधरी को हटाने के लिए बिहार के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा

  •  
  • Publish Date - October 1, 2025 / 03:03 PM IST,
    Updated On - October 1, 2025 / 03:03 PM IST

पटना, एक अक्टूबर (भाषा) जन सुराज पार्टी ने बिहार के राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पद से हटाने की मांग की है, जिनके खिलाफ पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और बिहार प्रदेश इकाई प्रमुख मनोज भारती के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार देर शाम राजभवन पहुंचा।

सिंह ने बाद में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘‘हमने आने से पहले उचित तरीके से समय मांगा था। दुख की बात है कि राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान हमसे नहीं मिले, बल्कि उनके प्रमुख सचिव ने उनकी ओर से ज्ञापन प्राप्त किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम चौधरी को हटाने की मांग पर जोर दे रहे हैं क्योंकि उनका पद पर बने रहना संविधान का मखौल उड़ाना है। हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी पत्र लिखा है, जो सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और नैतिकता में दृढ़ विश्वास रखने का दावा करते हैं।’’

जन सुराज पार्टी के नेता सिंह ने कहा, ‘‘हमें राज्य की नीतीश कुमार सरकार से कोई उम्मीद नहीं है। अगर प्रधानमंत्री या राज्यपाल द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो हम अंतिम उपाय के रूप में अदालत का रुख करेंगे।’’

गौरतलब है कि दो दिन पहले किशोर ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता चौधरी ने 1995 के एक हत्या के मामले में अदालत में एक दस्तावेज पेश करके यह दिखाते हुए मुकदमे से बचने का प्रयास किया था कि घटना के समय वह नाबालिग थे।

किशोर ने कहा था कि चौधरी द्वारा निचली अदालत में दायर किया गया दावा उनके द्वारा 2020 में राज्य विधान परिषद के लिए निर्वाचित होने के दौरान दायर किए गए हलफनामे से गलत साबित हो गया है, जिसमें उस समय उनकी उम्र 51 वर्ष बतायी गई थी।

किशोर ने कहा था, ‘‘इस प्रकार, हत्या के समय चौधरी की उम्र 20 वर्ष के आसपास थी। उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए और नये सिरे से मुकदमा चलाया जाना चाहिए और अदालत द्वारा बरी किए जाने तक जेल में रखा जाना चाहिए।’’

भाषा

अमित माधव

माधव