जन सुराज पार्टी बांकीपुर सीट पर होने वाला उपचुनाव लड़ेगी: प्रशांत किशोर
जन सुराज पार्टी बांकीपुर सीट पर होने वाला उपचुनाव लड़ेगी: प्रशांत किशोर
पटना, 23 मई (भाषा) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को दावा किया कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद खाली हुई सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा को हरा देगी।
किशोर ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव साल 2025 के विधानसभा चुनावों में राजग की जीत के बाद उसके “पहले वर्ष पर जनमत संग्रह” जैसा होगा। हालांकि, उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया कि क्या वह खुद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
पूर्व राजनीतिक रणनीतिकार किशोर ने कहा, “जन सुराज पार्टी ने बांकीपुर सीट पर उपचुनाव लड़ने का फैसला किया है। यह चुनाव उस समय होगा जब राजग सरकार को सत्ता में आए सात से आठ महीने हो चुके होंगे। इसलिए यह उपचुनाव सरकार के पहले वर्ष पर जनमत संग्रह होगा।”
गौरतलब है कि बांकीपुर कई दशकों से भाजपा का गढ़ रहा है। नितिन नवीन ने 2006 में अपने पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के निधन के कारण हुए उपचुनाव से इस सीट पर राजनीतिक शुरुआत की थी और पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में लगातार पांचवीं बार इस सीट पर जीत हासिल की थी।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश

Facebook


