विधानसभा चुनाव से पहले राजद नेता प्रतिमा कुशवाहा भाजपा में शामिल

Ads

विधानसभा चुनाव से पहले राजद नेता प्रतिमा कुशवाहा भाजपा में शामिल

  •  
  • Publish Date - October 25, 2025 / 04:23 PM IST,
    Updated On - October 25, 2025 / 04:23 PM IST

पटना, 26 अक्टूबर (भाषा) बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को झटका देते हुए प्रतिमा कुशवाहा शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं।

भाजपा में शामिल होने के बाद राजद की राज्य महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रमुख प्रतिमा कुशवाहा ने आरोप लगाया कि राजद में जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिलता व यह विपक्षी पार्टी ‘गंभीर रूप से बंटी हुई’ है।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

जायसवाल ने संवाददाताओं से कहा कि राजद और कांग्रेस में ‘‘वंशवाद और परिवारवाद’’ इस कदर हावी है कि उनके नेता खुद को हताश महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया, ‘‘इसी वजह से कई नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं।’’

जायसवाल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दो-तिहाई बहुमत के साथ बिहार में सरकार बनाएगा।

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के कामकाज के तौर-तरीकों का उल्लेख करते हुए प्रतिमा कुशवाहा ने कहा कि पार्टी अब वैसी नहीं रही जैसी पहले हुआ करती थी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राजद में जमीनी नेताओं का सम्मान नहीं होता। पार्टी और उसका नेतृत्व करने वाला परिवार, दोनों ही बुरी तरह बंट चुके हैं।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री रहते हुए तेजस्वी यादव ने युवाओं को नौकरी देने का दावा किया था, ‘‘लेकिन राजद ने नौकरी तो दी, पर लोगों की जमीन लेकर।’’ यह टिप्पणी कथित घोटाले ‘जमीन के बदले नौकरी’ की ओर इशारा थी।

तेजस्वी पर आरक्षण संबंधी दावों को लेकर तंज करते हुए कुशवाहा ने कहा, ‘‘उन्होंने सिर्फ अपने परिवार को आरक्षण दिया है। असली आरक्षण महिलाओं और पिछड़े वर्गों को राजग सरकार ने दिया है।’’

भाषा कैलाश खारी

खारी

शीर्ष 5 समाचार