पटना, 24 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि उसका ‘संगठन सृजन’ अभियान अब तक तक चार राज्यों में पूरा हो चुका है तथा इसके तहत अब तक कुल 144 जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
पार्टी ने इस साल की शरुआत में गुजरात से ‘संगठन सृजन’ अभियान का आगाज किया था। कांग्रेस जिला अध्यक्षों को पहले से अधिक ताकत देने जा रही है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘ ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के तहत, आम कार्यकर्ताओं सहित पूरी पार्टी और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की नियुक्ति की निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल है।’
उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों के पास पहले की तुलना में अधिक शक्तियां होंगी।
वेणुगोपाल ने बताया, “प्रक्रिया गुजरात से शुरू हुई और चार राज्यों में पूरी हो चुकी है और अब तक 144 जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं।”
उन्होंने कहा, अभियान के पहले चरण के दायरे में 10 राज्य आएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्रियों, पीसीसी अध्यक्षों और महासचिवों को जिला पर्यवेक्षकों के रूप में नियुक्त किया जा रहा है।
वेणुगोपाल ने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी भी बतौर पर्यवेक्षक अपना योगदान दे रहे हैं।
भाषा हक प्रशांत
प्रशांत