पटना, 11 सितंबर (भाषा) बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूर्व केंद्रीय मंत्रियों – रघुवंश प्रसाद सिंह, शरद यादव और रामविलास पासवान – की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित कराने तथा उनकी जयंती एवं पुण्यतिथि को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की मांग की है।
तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि ये तीनों नेता समाजवादी विचारधारा के प्रमुख स्तंभ थे और उन्होंने बिहार में सामाजिक न्याय, वंचितों तथा कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने रघुवंश प्रसाद सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने निधन से ठीक पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री को कुछ मांगों को लेकर पत्र लिखा था, लेकिन छह वर्ष बीत जाने के बावजूद उन पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
तेजस्वी ने कहा कि उनकी लंबित मांगों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पत्र में तेजस्वी ने शरद यादव के बिहार से लंबे राजनीतिक जुड़ाव और रामविलास पासवान के समतामूलक विकास तथा कमजोर वर्गों के हित में किए गए योगदान का भी उल्लेख किया।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इन तीनों नेताओं को प्रतिमाएं स्थापित कर तथा उनकी जयंती और पुण्यतिथि को राजकीय समारोह घोषित कर सम्मानित किया जाए।
भाषा कैलाश रंजन
रंजन