पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Ads

पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 09:49 PM IST

जौनपुर (उप्र) 11 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मरने वाले की पहचान विशाल यादव (28) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने विशाल पर लोहे के सरिया से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मनीष यादव और नीरज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

दूसरी ओर, युवक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने उसका शव राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135 ए पर रखकर चक्का जाम कर दिया। इससे राजामार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई।

घटना के बाद रामदयालगंज और आसपास के बाजारों में दहशत फैल गई और कई दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं।

सूचना मिलते ही लाइन बाजार पुलिस के साथ आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया।

ग्रामीणों का आरोप है कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई। पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने कहा कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन