नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के नारायणा गांव में दोस्तों के बीच हुए विवाद में 18 वर्षीय युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। विवाद तब शुरू हुआ, जब उनमें से एक ने दूसरे को ‘पापा’ कहकर बुलाने के लिए कहा। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नारायणा गांव के सुमित गिरि के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई, जब अमन और नरसिंह नामक दो दोस्त पायल सिनेमा से मोटरसाइकिल से नारायणा गांव की ओर जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, लौटते समय उनकी मुलाकात अपने परिचित सुमित और अनिल सिंह के बेटे अमन से हुई।
बातचीत के दौरान अनिल सिंह के बेटे अमन ने मजाक में नरसिंह से उसे ‘पापा’ कहने को कहा।
पुलिस ने बताया कि इस मजाक को लेकर अमन ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर अनिल सिंह के बेटे अमन को धमकाया, जिसके बाद सुमित भी बीच में आ गया और बहस करने लगा।
इसी दौरान उनका एक अन्य दोस्त सरगम मौके पर पहुंचा और उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिसमें वह भी घायल हो गया।
इसी बीच अमन ने कथित तौर पर सुमित पर चाकू से हमला कर दिया और अपने छोटे भाई को मौके पर बुला लिया।
पुलिस के अनुसार, छोटा भाई मौके पर पहुंचा और उसने कथित तौर पर पहले से घायल सुमित के साथ मारपीट की।
पुलिस ने बताया कि अनिल सिंह के बेटे अमन ने सुमित के परिवार को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद सुमित के पिता और अमन उसे डीडीयू अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर नारायणा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल सभी लोग नारायणा गांव के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को जानते हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच की जा रही है।
भाषा शुभम शोभना
शोभना