जदयू एमएलसी नीरज और विधायक अनंत सिंह के बीच जुबानी जंग तेज
जदयू एमएलसी नीरज और विधायक अनंत सिंह के बीच जुबानी जंग तेज
पटना, 18 सितंबर (भाषा) बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) नीरज कुमार और पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है।
शुक्रवार को नीरज कुमार ने अनंत सिंह के आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें नार्को टेस्ट की मांग को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाने की चुनौती दी।
हाल ही में अनंत सिंह ने आरोप लगाया था कि नीरज कुमार ने साजिश के तहत उनके घर में एके-47 राइफल रखवाकर उन्हें जेल भिजवाया था। उन्होंने आरोपों की पुष्टि के लिए नार्को टेस्ट कराने की मांग भी की थी।
यह पूरा विवाद पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर है। इस सीट से जदयू की ओर से नीरज कुमार का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। वहीं, अनंत सिंह ने उनके खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया है।
अनंत सिंह का कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न पर लड़ा जाने वाला चुनाव नहीं है और व्यक्तिगत कारणों से वह नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे।
नीरज कुमार ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में अनंत सिंह के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि किसी पर अनर्गल आरोप लगाने से उसका चरित्र धूमिल नहीं हो जाता।
कुमार ने कहा, “अगर नार्को टेस्ट कराना है तो अदालत जाइए। नार्को टेस्ट कराने का अधिकार अदालत के पास है। हिम्मत है तो वहीं आवेदन दीजिए। मैं ऐसा घिनौना काम कभी नहीं कर सकता और मेरे राजनीतिक जीवन पर आज तक कोई दाग नहीं लगा है।”
जदयू नेता ने कहा कि वह अपराधियों के खिलाफ राजनीति करते हैं और उनका सार्वजनिक जीवन पूरी तरह पारदर्शी रहा है।
चुनावी मुकाबले को लेकर नीरज कुमार ने कहा कि उनके पास न धनबल है और न बाहुबल, बल्कि केवल ‘जनबल’ है।
गौरतलब है कि अनंत सिंह के पटना स्थित आवास पर 2019 में छापे के दौरान पुलिस ने एके-47 राइफल बरामद की थी। इस मामले में अनंत सिंह को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा था।
भाषा कैलाश शोभना शफीक
शफीक

Facebook


