मानव तस्करी को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत काम कर रही बिहार सरकार : सम्राट चौधरी

Ads

मानव तस्करी को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत काम कर रही बिहार सरकार : सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 07:02 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 07:02 PM IST

पटना, आठ अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार मानव तस्करी को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत काम कर रही है।

लापता बच्चों और मानव तस्करी पर आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय सम्मेलन एवं परामर्श कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि उनकी सरकार मानव तस्करी के शिकार लोगों को प्राथमिकता के आधार पर समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

चौधरी ने कहा, “बिहार सरकार मानव तस्करी को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत काम कर रही है। तस्करी रोकने के साथ-साथ पीड़ितों को सुरक्षित माहौल देना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाना सरकार की प्राथमिकताएं हैं।”

उन्होंने कहा कि नया सवेरा 3.0 अभियान के माध्यम से जागरूकता फैलाने, मानव तस्करी को रोकने, मानव तस्करी और बाल मजदूरी के पीड़ितों को बचाने और उनका पुनर्वास करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

चौधरी ने कहा कि उन्हें कौशल, रोजगार और सम्मान दिलाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘नया सवेरा’ अभियान के तीन चरण के तहत कुल 158 प्राथमिकी दर्ज की गईं, 275 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 693 पीड़ितों को सफलतापूर्वक बचाया गया।

पुलिस ने बताया कि बचाए गए लोगों में 322 महिलाएं (106 वयस्क और 216 नाबालिग) तथा 371 पुरुष (26 वयस्क और 345 नाबालिग) शामिल हैं।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप