नई दिल्लीः Union Budget 2026 Live देश की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को मोदी सरकार का आम बजट पेश किया। इसके साथ ही उन्होंने 9वीं बार बजट पेश करने का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है, जिसमें एक अंतरिम बजट भी शामिल है। पिछले चार वर्षों की तरह इस साल का बजट भी कागज रहित रूप में पेश किया गया। इस दौरान वित्त मंत्री ने कई बड़े ऐलान किए। सीतारमण बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन पहुंची। यहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने सीतारमण को दही-चीनी खिलाई।
Union Budget 2026 Live निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण की शुरुआत करते हुए कहा, ‘माघ पूर्णिमा और गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर मैं यह बजट पेश कर रही हूं। बीते 12 साल के दौरान अनिश्चितताओं के बावजूद हमने स्थिर अर्थव्यवस्था को बनाए रखा है। हमने दूरगामी ढांचागत सुधार किए हैं। आत्मनिर्भरता को प्रमुख उद्देश्य बनाए रखा है। आयात पर निर्भरता को घटाया है। हमने सुनिश्चित किया है कि नागरिकों को इसका लाभ मिले, कृषि उत्पादकता बढ़े और परिवारों की क्रय शक्ति बढ़े। इन उपायों की वजहों से सात फीसदी की विकास दर हासिल हुई है। इससे गरीबी उन्मूलन और लोगों के जीवन में सुधार हासिल हो सका है।’
वित्त मंत्री ने कहा- हम ऐसी बाहरी परिस्थिति का सामना कर रहे हैं जहां व्यापार और बहुपक्षवाद खतरे में है। नई प्रौद्योगिकी उत्पादन प्रणालियों को बदल रही है। भारत विकसित भारत की ओर विश्वास से भरे कदम उठाता रहेगा। भारत को वैश्विक बाजारों से एकीकृत होकर अधिक से अधिक निर्यात करना होगा। विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में लोगों का साथ खड़े रहने के लिए आभार। हमारा लक्ष्य विकास का लाभ सभी वंचित वर्गों और महिलाओं तक सुनिश्चित करना है।
केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने से पहले रविवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में सीमित उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ करने के बाद, 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स उतार-चढ़ाव से गुजरा और 13 अंक चढ़कर 82,282.82 अंक पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी मामूली बढ़त के साथ खुलने के बाद 7.90 अंक फिसलकर 25,312.75 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से सन फार्मा के शेयर में करीब तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं इन्फोसिस, टाटा स्टील, इटर्नल और टेक महिंद्रा के शेयर नुकसान में रहे।