(तस्वीरों के साथ)
सूरत, दो मई (भाषा) गुजरात सरकार ने दक्षिण गुजरात के लिए आयोजित ‘वाइब्रेंट गुजरात’ क्षेत्रीय सम्मेलन के दौरान 3,53,306 करोड़ रुपये के 2,792 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इन परियोजनाओं से आने वाले वर्षों में करीब 2.82 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने यहां सम्मेलन के समापन समारोह में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दो दिनों के इस सम्मेलन में बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं, जो अगले तीन वर्षों में लागू होने पर रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।
उन्होंने बताया कि इससे पहले मेहसाणा (उत्तर गुजरात) और राजकोट (सौराष्ट्र-कच्छ) में भी ऐसे क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं।
सरकार ने ‘वाइब्रेंट गुजरात’ पहल को राजधानी गांधीनगर से बाहर विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया है, ताकि अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
सांघवी ने कहा कि इन सम्मेलनों का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को वैश्विक अवसरों से सीधे जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण गुजरात के उद्यमियों को रवांडा, अमेरिका, कनाडा, सिंगापुर और जापान सहित 20 देशों के प्रतिनिधियों से मिलने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान ऐसे उद्योगों को बढ़ावा देने पर है, जो विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में रोजगार पैदा कर सकें।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय