राजस्थान में 262 स्थानों पर लगाए जाएंगे 591 ईवी चार्जिंग स्टेशन

Ads

राजस्थान में 262 स्थानों पर लगाए जाएंगे 591 ईवी चार्जिंग स्टेशन

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 08:06 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 08:06 PM IST

जयपुर, 31 मार्च (भाषा) राजस्थान में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए शहरी क्षेत्र और राजमार्गों पर सस्ती चार्जिंग सुविधा बढ़ाने के राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम की योजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए 81.12 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। इसके तहत प्रदेश की चारों स्मार्ट सिटी और राजमार्गों के 262 स्थानों पर 591 ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इससे राज्य में ईवी चार्जिंग के ढांचे को मजबूती मिलेगी।

एक बयान के अनुसार, राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम ने प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत प्रदेश में नए ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। केंद्र सरकार से इसकी मंजूरी मिलना राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और ईवी के उपभोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ई-ड्राइव योजना के तहत जयपुर में 112, अजमेर में 49, उदयपुर में 39, कोटा में 28 और 34 चार्जिंग स्टेशन राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर लगाए जाएंगे। ये सभी चार्जिंग स्टेशन सरकारी विभागों की जमीन पर स्थापित किए जाएंगे। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ईवी उपयोगकर्ताओं को सुविधा मिलेगी।

राज्य में प्रदूषण रहित इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और स्वच्छ, हरित ऊर्जा को आमजन तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

भाषा बाकोलिया राजकुमार अजय

अजय