मुंबई, दो फरवरी (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि 2,000 रुपये के बैंकनोट में से 98.42 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं।
आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2,000 रुपये के नोटों को वापस लेने की घोषणा की थी।
रिजर्व बैंक ने बयान में कहा, ‘‘उस समय चलन में मौजूद 2,000 रुपये के नोटों का कुल मूल्य 3.56 लाख करोड़ रुपये था, जो 31 जनवरी, 2026 तक घटकर 5,609 करोड़ रुपये रह गया।’’
इस तरह 19 मई, 2023 के बाद से चलन में मौजूद 2,000 रुपये के नोटों का 98.42 प्रतिशत वापस जमा हो चुका है।
लोगों के लिए ये नोट जमा करने या अन्य मूल्य वर्ग के नोट से बदलने की सुविधा सभी बैंक शाखाओं में सात अक्टूबर, 2023 तक उपलब्ध थी। उसके बाद से आरबीआई के 19 निर्गम कार्यालय भी 2,000 रुपये के नोट स्वीकार कर रहे हैं, जिन्हें लोगों के बैंक खातों में जमा किया जा सकता है।
इसके अलावा, लोग डाकघरों के जरिये आरबीआई के निर्गम कार्यालयों को ये नोट भेजकर अपने खाते में जमा कर सकते हैं।
रिजर्व बैंक ने कहा कि ये बैंकनोट वैध मुद्रा बने हुए हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय