नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) एक्मे सोलर होल्डिंग्स लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि उसने 300 मेगावाट/1,200 मेगावाट घंटा की एक परियोजना के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसईसीआई) के साथ बिजली खरीद समझौता किया है।
नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी एक्मे सोलर ने एक बयान में कहा कि उसकी अनुषंगी इकाई एक्मे रिन्यूटेक सिक्स्थ प्राइवेट लिमिटेड ने 25 वर्षीय बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस समझौते के तहत आईएसटीएस-ग्रिड से जुड़ी यह परियोजना 300 मेगावाट/1,200 मेगावाट घंटा की अधिकतम बिजली क्षमता प्रदान करेगी।
यह परियोजना आईएसटीएस के सब-स्टेशनों से जुड़ी होगी और उच्च सौर विकिरण वाले क्षेत्रों में कंपनी की मौजूदा नाइट-टाइम कनेक्टिविटी का उपयोग करेगी।
समझौते के तहत कंपनी केवल गैर-सौर घंटों में प्रतिदिन चार घंटे की अधिकतम बिजली आपूर्ति करेगी, जिसमें न्यूनतम 85 प्रतिशत वार्षिक उपलब्धता की शर्त रखी गई है।
कंपनी ने कहा कि इस नए समझौते के बाद उसके कुल 8,070 मेगावाट के अनुबंधित पोर्टफोलियो में पीपीए-हस्ताक्षरित क्षमता बढ़कर 6,570 मेगावाट हो गई है।
भाषा प्रेम प्रेम
प्रेम