अदाणी समूह देशभर में ‘एयरपोर्ट सिटी’ परियोजनाओं पर 20,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा

Ads

अदाणी समूह देशभर में 'एयरपोर्ट सिटी' परियोजनाओं पर 20,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 07:59 PM IST

नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (एएसीएल) ने पांच राज्यों के छह हवाई अड्डों पर 655 एकड़ से अधिक क्षेत्र में ‘एयरपोर्ट सिटी’ विकसित करने के लिए पहले चरण में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने की योजना की घोषणा की है।

भारत की सबसे बड़ी निजी हवाई अड्डा संचालक अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई एएसीएल ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस परियोजना के तहत मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी हवाई अड्डों के आसपास लगभग 2.2 करोड़ वर्ग फुट मिश्रित उपयोग वाली बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा।

कंपनी के अनुसार, कुल निवेश का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा मुंबई और नवी मुंबई में किया जाएगा, जहां उसके पास करीब 440 एकड़ भूमि है।

इन परियोजनाओं के तहत होटल, कार्यालय, खुदरा परिसर, मनोरंजन सुविधाएं, सम्मेलन केंद्र और अन्य जीवनशैली संबंधी बुनियादी ढांचा विकसित किये जाएंगे, जिन्हें महानगर और शहरी परिवहन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

एएएचएल के निदेशक जीत अदाणी ने कहा, “हवाई अड्डों के पास कहीं अधिक आर्थिक मूल्य सृजित करने का अवसर है। हमारा उद्देश्य प्रमुख विमानन केंद्रों के आसपास निवेश, रोजगार और शहरी विकास को बढ़ावा देना है।”

यह मॉडल सिंगापुर चांगी, दुबई इंटरनेशनल, एम्स्टर्डम शिफोल और सियोल के इंचियोन जैसे वैश्विक स्तर पर सफल हवाई अड्डों के आसपास के क्षेत्रों से प्रेरित है। इसका उद्देश्य केवल यात्री यातायात पर निर्भर न रहकर एक एकीकृत व्यापार और पर्यटन परिवेश तैयार करना है।

कंपनी ने बताया कि ‘एयरपोर्ट सिटी’ की इन सभी परियोजनाओं को ‘यूएस ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल’ से ‘लीड गोल्ड’ पूर्व-प्रमाणन प्राप्त हुआ है, जो इसके पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन, ऊर्जा दक्षता और टिकाऊ बुनियादी ढांचे को दर्शाता है।

भाषा योगेश अजय

अजय