अदाणी पोर्ट्स 1,500 करोड़ रुपये में जेपी फर्टिलाइजर्स का अधिग्रहण करेगी

अदाणी पोर्ट्स 1,500 करोड़ रुपये में जेपी फर्टिलाइजर्स का अधिग्रहण करेगी

अदाणी पोर्ट्स 1,500 करोड़ रुपये में जेपी फर्टिलाइजर्स का अधिग्रहण करेगी
Modified Date: May 21, 2026 / 02:58 pm IST
Published Date: May 21, 2026 2:58 pm IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वह जयप्रकाश एसोसिएट्स से जेपी फर्टिलाइजर्स एंड इंडस्ट्रीज में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,500 करोड़ रुपये में हासिल करेगी। यह अधिग्रहण राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) से अनुमोदित समाधान योजना के तहत किया जा रहा है।

अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन लि. (एपीएसईजेड) ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इस अधिग्रहण से उत्तर भारत में कंपनी की अंतर्देशीय लॉजिस्टिक उपस्थिति और सेवा क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी।

कंपनी ने कहा कि यह अधिग्रहण 2031 तक अपने एमएमएलपी (मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक पार्क) नेटवर्क को 12 से बढ़ाकर 16 करने और भंडारण क्षमता को चार गुना बढ़ाने के कंपनी के लक्ष्य के अनुरूप है।

अदाणी पोर्ट्स ने कहा, ‘‘अनुमोदित समाधान योजना के कार्यान्वयन के तहत, कंपनी ने जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के साथ जेएएल के स्वामित्व वाली जेपी फर्टिलाइजर्स एंड इंडस्ट्रीज लि. (केएफसीएल की होल्डिंग कंपनी) की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए शेयर खरीद समझौता किया है।’’

जेपी फर्टिलाइजर्स एंड इंडस्ट्रीज लि. (जेएफआईएल) कानपुर फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लि. (केएफसीएल) की होल्डिंग कंपनी है, जिसके पास कानपुर में औद्योगिक और वाणिज्यिक भूखंड हैं। केएफसीएल के पास कानपुर में 243 एकड़ भूमि है, जो कंपनी के लॉजिस्टिक कारोबार के अनुरूप विश्वस्तरीय लॉजिस्टिक पार्क और भंडारण सुविधाओं के विकास के लिए रणनीतिक रूप से आदर्श है।

स्वीकृत समाधान योजना के तहत अधिग्रहण के ‘प्रभावी तिथि’ पर पूर्ण होने की उम्मीद है। यह 17 मार्च, 2026 से 90 दिन से अधिक नहीं होगी।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग 26 अगस्त, 2025 को इस अधिग्रहण की मंजूरी दे चुका है।

राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण की इलाहाबाद पीठ ने समाधान योजना को 17 मार्च, 2026 को मंजूरी दी थी। इसे राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण ने चार मई, 2026 को बरकरार रखा था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में