नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) ट्रेंट के चेयरमैन का पद छोड़ने के लगभग एक सप्ताह बाद नोएल टाटा ने टाटा समूह की एक और कंपनी वोल्टास के चेयरमैन के पद से भी हटने की मंगलवार को घोषणा की।
ठंडक प्रदान करने वाले उत्पाद मसलन एयर कंडीशनर आदि बनाने वाली प्रमुख कंपनी की 72वीं सालाना आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए नोएल टाटा (69) ने कहा कि वोल्टास के चेयरमैन के तौर पर यह उनकी आखिरी एजीएम होगी।
नोएल टाटा ने कहा, ‘‘जैसा कि आप जानते होंगे, चेयरमैन के तौर पर यह मेरी आखिरी सालाना आम बैठक है।’’
उन्होंने कहा कि कंपनी ने आंतरिक पदोन्नति और बाहरी नियुक्तियों के ज़रिये अपनी टीम तैयार की है तथा उन्होंने भविष्य में तेजी से वृद्धि की प्रबंधन क्षमता पर भरोसा जताया।
नोएल टाटा 27 जनवरी, 2003 को वोल्टास के निदेशक मंडल में शामिल हुए थे। उन्हें एक सितंबर, 2017 को वोल्टास का गैर-कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त किया गया था। उन्होंने इशात हुसैन की जगह ली थी।
नोएल ने 23 जून को भारत की प्रमुख फ़ैशन एवं लाइफ़स्टाइल रिटेलर कंपनी ‘ट्रेंट’ के शेयरधारकों को संबोधित करते हुए भी इसी तरह की घोषणा की थी।
नोएल टाटा, टाटा संस के सबसे बड़े शेयरधारक ‘टाटा ट्रस्ट्स’ के चेयरमैन भी हैं। वह इस साल नवंबर में 70 साल के हो जाएंगे।
कंपनी कानून 2013 के तहत, किसी भी प्रबंध निदेशक या पूर्णकालिक निदेशक को 70 साल या उससे अधिक उम्र होने पर नियुक्त नहीं किया जा सकता और न ही वह इस पद पर बना रह सकता है।
भाषा यासिर अजय
अजय