कृषि बीमा कंपनी ने महिला किसानों को सशक्त बनाने के लिए ‘कृषि सखी’ पहल शुरू की
कृषि बीमा कंपनी ने महिला किसानों को सशक्त बनाने के लिए ‘कृषि सखी’ पहल शुरू की
नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी एआईसी ने महिला किसानों को सशक्त बनाने और समावेशी विकास की दिशा में काम करने के लिए कृषि सखी पहल शुरू की है।
यह पहल संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2026 को ‘अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष’ के रूप में मान्यता दिए जाने के अनुरूप है।
सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लि. (एआईसी) ने एक बयान में कहा कि कंपनी का उद्देश्य अपने मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालयों में एक महीने चलने वाली गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता पैदा करना, कृषि और फसल बीमा में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा भारत में कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में उनके योगदान का सम्मान करना है।
इस पहल के तहत वर्ष भर में महिला किसानों को मान्यता देने, सशक्त बनाने और उनसे जुड़ने के लिए कई अन्य गतिविधियां भी निर्धारित की गई हैं। इसमें संबंधित लेखों और साक्षात्कारों का प्रकाशन, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और साफ-सफाई पर जागरूकता अभियान (विशेष रूप से महिला किसानों और ग्रामीण परिवारों को लक्षित करते हुए) आदि शामिल हैं।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


