एआईबीईए ने वित्त मंत्री को पत्र लिखकर एचडीएफसी बैंक मामले में जांच की मांग की

Ads

एआईबीईए ने वित्त मंत्री को पत्र लिखकर एचडीएफसी बैंक मामले में जांच की मांग की

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 10:17 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 10:17 PM IST

मुंबई, दो अप्रैल (भाषा) ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (एआईबीईए) ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर पिछले महीने एचडीएफसी बैंक के गैर-कार्यकारी चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफे के बाद बैंक से जुड़े मामलों में जांच की मांग की है।

एआईबीईए ने कहा कि एचडीएफसी बैंक के 12 करोड़ ग्राहकों, शेयरधारकों और आम जनता को भरोसा दिलाने की जरूरत है और इसलिए इस मामले में सीतारमण के हस्तक्षेप की मांग की गई है।

एआईबीईए ने बृहस्पतिवार को जारी 31 मार्च के एक पत्र में कहा कि आरबीआई द्वारा घरेलू स्तर पर प्रणालीगत रूप से महत्वपूर्ण बैंक के रूप में वर्गीकृत इस सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक को ऐसे घटनाक्रमों का सामना करना पड़ रहा है, जो ”शासन मानकों, नियामक निरीक्षण और प्रणालीगत स्थिरता के बारे में गंभीर सवाल उठाते हैं।”

पीटीआई-भाषा ने इस पत्र की समीक्षा की है। इसके अनुसार, ‘‘एक स्वतंत्र निदेशक द्वारा नैतिक विसंगति का स्पष्ट उल्लेख बेहद असामान्य है और तत्काल जांच की मांग करता है।’’

सेवानिवृत्त नौकरशाह चक्रवर्ती ने 18 मार्च को बैंक छोड़ दिया था और नैतिकता व मूल्यों के मुद्दों को उठाया था, जिससे एचडीएफसी बैंक में शासन प्रथाओं के बारे में चिंताएं बढ़ गई थीं।

भाषा अजय पाण्डेय

अजय