नयी दिल्ली/मुंबई, पांच अगस्त (भाषा) एयर इंडिया ने बुधवार को इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के पूर्व प्रमुख टेवोल्डे गेब्रेमरियम को अपना अगला प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की घोषणा की।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि गेब्रेमरियम के नाम पर निर्णय लेने से पहले उसने देश-दुनिया के कई बेहद कुशल बाहरी और आंतरिक उम्मीदवारों का कड़ा मूल्यांकन किया था।
यह नियुक्ति ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई है, जब घाटे में चल रही एयर इंडिया कई बाहरी प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच अपने विस्तार पर काम कर रही है।
गेब्रेमरियम टाटा समूह के नियंत्रण वाली एयर इंडिया के दूसरे विदेशी सीईओ होंगे। वह कैंपबेल विल्सन का स्थान लेंगे, जिन्होंने इस साल अप्रैल में अपने इस्तीफे की घोषणा की थी।
बयान के मुताबिक, गेब्रेमरियम ने इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के सीईओ के रूप में सेवा दी है, जहां उन्होंने कई अरब डॉलर के विस्तार का नेतृत्व किया और एक क्षेत्रीय एयरलाइन को अफ्रीका की सबसे बड़ी एवं लाभदायक एयरलाइन में बदल दिया।
एयर इंडिया ने बयान में कहा कि कार्यकारी स्तर पर हुआ यह बदलाव एयरलाइन को एक विश्व स्तरीय, अग्रणी वैश्विक एयरलाइन बनाने की उसकी बदलाव यात्रा में एक बेहद महत्वपूर्ण मोड़ है।
टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि कैंपबेल के मार्गदर्शन में स्थिरता, एकीकरण और बेड़े की प्रतिबद्धताओं के शुरुआती चरण को पूरा करने के बाद, एयरलाइन अब निष्पादन और विस्तार के एक महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रही है।
उन्होंने कहा, ”दुनिया के सबसे कुशल और लाभदायक एयरलाइन समूहों में से एक को बनाने में टेवोल्डे का पिछला रिकॉर्ड उन्हें एयर इंडिया का नेतृत्व करने के लिए खास तौर पर उपयुक्त बनाता है। उनका परिचालन कौशल, सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता और केंद्र विकास का नजरिया एयर इंडिया के लिए मददगार साबित होगा।”
गेब्रेमरियम ने अपनी नियुक्ति पर कहा कि एयर इंडिया एक अद्भुत विरासत रखती है, और उसे भारत की असाधारण आर्थिक क्षमता को दर्शाने वाली एक विश्व स्तरीय वैश्विक एयरलाइन बनाने का यह अवसर विशिष्ट रूप से रोमांचक है।
भाषा पाण्डेय प्रेम
प्रेम