केंद्र ने आईएमएफ, एडीबी, आईसीएओ में प्रमुख विदेशी तैनातियों को मंजूरी दी

Ads

केंद्र ने आईएमएफ, एडीबी, आईसीएओ में प्रमुख विदेशी तैनातियों को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 08:04 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 08:04 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) केंद्र सरकार ने बुधवार को वाशिंगटन स्थित अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और फिलीपीन स्थित एशियाई विकास बैंक (एडीबी) सहित अन्य वैश्विक संस्थाओं में तैनातियों को मंजूरी दी।

कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत वरिष्ठ नौकरशाह सत्यजीत मोहंती को तीन साल के लिए कनाडा के मोंट्रियल स्थित अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) की परिषद में भारत के प्रतिनिधि के पद पर नियुक्त किया गया है।

आदेश में कहा गया कि कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव राहुल जैन को तीन साल के लिए अमेरिका के वाशिंगटन डीसी स्थित आईएमएफ में कार्यकारी निदेशक (भारत) का वरिष्ठ सलाहकार नियुक्त किया गया है। जैन मध्य प्रदेश काडर के 2005 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं।

वहीं, पंजाब काडर के 2002 बैच के आईएएस अधिकारी बलदेव पुरुषार्थ मनीला स्थित एडीबी में कार्यकारी निदेशक के वरिष्ठ सलाहकार होंगे। वह इस समय आर्थिक कार्य विभाग में संयुक्त सचिव हैं।

आदेश में कहा गया कि वाशिंगटन डीसी स्थित विश्व बैंक में कार्यकारी निदेशक के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में हेमंग जानी का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है। आर्थिक कार्य विभाग में निदेशक कपिल पाटीदार को वाशिंगटन स्थित आईएमएफ के कार्यकारी निदेशक (भारत) का सलाहकार नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) में संयुक्त निदेशक आदित्य राजेंद्र भोजगढ़िया को विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ), जिनेवा स्थित भारत के स्थायी मिशन में प्रथम सचिव नामित किया गया है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में उप सचिव के रूप में कार्यरत जीविशा जोशी गंगोपाध्याय जिनेवा स्थित डब्ल्यूटीओ के भारतीय मिशन में प्रथम सचिव (कानूनी) होंगी।

आदेश में कहा गया कि रक्षा मंत्रालय में निदेशक के पद पर तैनात सुभाष कुमार को काठमांडू (नेपाल) स्थित दक्षेस सचिवालय का निदेशक नामित किया गया है।

भाषा पाण्डेय प्रेम

प्रेम