सलमान खान, आमिर खान ने दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत को दी श्रद्धांजलि

Ads

सलमान खान, आमिर खान ने दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत को दी श्रद्धांजलि

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 08:26 PM IST

मुंबई, पांच अगस्त (भाषा) अभिनेता सलमान खान, आमिर खान, पवन कल्याण और फिल्म निर्माता प्रभुदेवा ने बुधवार को दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद रावत का मंगलवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। रावत ‘सरफरोश’, ‘लगान’ और ‘गजनी’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। वह 74 वर्ष के थे।

रावत के साथ 1990 की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘बागी’ में काम कर चुके सलमान खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का एक दृश्य साझा करते हुए लिखा, “भाई, आपके साथ कई अच्छे पल साझा किए… भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।”

वहीं, एआर मुरुगदास की 2008 की हिट फिल्म ‘गजनी’ में रावत के साथ काम कर चुके आमिर खान ने उनके अभिनय और काम के प्रति लगन को याद किया।

आमिर खान ने ‘वैरायटी इंडिया’ से कहा, ‘वह एक अभिनेता के रूप में बेहद समर्पित और निडर थे। प्रदीप जी ने ‘गजनी’ में मुख्य भूमिका निभाई थी। मेरा मानना है कि यह हमारे सिनेमा के सबसे यादगार और पर्दे के प्रभावशाली खलनायकों में से एक था। उनके बिना यह फिल्म सफल नहीं हो सकती थी।’

फिल्मकार और कोरियोग्राफर प्रभुदेवा ने भी रावत के निधन पर शोक जताया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रदीप रावत सर के निधन की खबर से बेहद दुखी हूं। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।”

अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा कि रावत ने अपने अभिनय से कई भाषाओं के दर्शकों को प्रभावित किया।

उन्होंने तेलुगु में ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रसिद्ध अभिनेता प्रदीप रावत के निधन की खबर बेहद दुखद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। प्रदीप रावत ने हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया। खलनायक की भूमिकाओं और अलग-अलग किरदारों के जरिए उन्होंने दर्शकों पर अपनी अमिट छाप छोड़ी।”

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश