वैंकूवर उड़ान के लिए गलत विमान लगाने के मामले में एयर इंडिया को सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश

Ads

वैंकूवर उड़ान के लिए गलत विमान लगाने के मामले में एयर इंडिया को सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 03:17 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 03:17 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया को पिछले सप्ताह वैंकूवर जाने वाली उड़ान में गलत विमान लगाने के मामले में सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, इस घटना के लिए एयरलाइन के एक अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। दिल्ली से वैंकूवर जा रही एयर इंडिया की उड़ान 19 मार्च को बोइंग 777-200 एलआर विमान से संचालित हो रही थी और सात घंटे से अधिक उड़ान भरने के बाद वापस दिल्ली लौट आई। बाद में पता चला कि इस मार्ग पर इस विमान के संचालन की अनुमति नहीं थी और इस उड़ान के लिए केवल बोइंग 777-300 ईआर विमान को ही मंजूरी दी गई है।

घटना के बाद डीजीसीए ने एयर इंडिया से रिपोर्ट मांगी थी। अब एयरलाइन को निर्देश दिया गया है कि वह ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए। हालांकि, कार्रवाई से जुड़े विस्तृत विवरण तुरंत उपलब्ध नहीं हो सके हैं।

एयर इंडिया की ओर से इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है।

सूत्रों ने 20 मार्च को बताया था कि कनाडा के लिए उड़ानों के संचालन से जुड़ी आवश्यकताओं की सूची को समय पर अद्यतन नहीं किए जाने के कारण गलत विमान लगाए जाने की स्थिति पैदा हुई।

एयर इंडिया ने 20 मार्च को जारी एक बयान में कहा, “19 मार्च को दिल्ली से वैंकूवर जा रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-185 परिचालन संबंधी कारणों के चलते निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार वापस दिल्ली लौट आई। विमान सुरक्षित उतारा गया और सभी यात्री तथा चालक दल के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए।”

भाषा योगेश अजय

अजय